Amit Ranjan
सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा अजय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में दीपावली एवं छठ पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन हुआ।
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पटाखों के भण्डारण एवं बिक्री पर विस्तृत चर्चा की गई। दीपावली, छठ आदि त्योहारों के समय पटाखे मात्र दो घंटे तक हीं जलाये जा सकेंगे। दीपावली एवं छठ पर रात्रि 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा छठ में प्रातः 6 बजे से प्रातः 8 बजे तक पटाखे जलाये जा सकेंगे। भीड़-भाड़ से दूर हीं आतिशबाजी करने का निर्देश दिया गया। पटाखों की बिक्री गांधी मैदान में खुले स्थान में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दीपावली एवं छठ त्यौहार के दिन अग्निशामक को क्रियाशील अवस्था में रखे जाने हेतु अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
काली पुजा, लक्ष्मी पूजा एवं छठ पूजा समितियों द्वारा भगवान की प्रतिमा अधिष्ठापित की जाती है। पूजा के दौरान एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण की दिशा में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया गया। चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत/ लाईट की व्यवस्था, सी.सी.टी.वी . कैमरा, साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय का निर्माण, वाहन पार्किंग, अवागमन की सुविधा सहित अन्य सभी सुविधाएं ससमय उपलब्ध करने हेतु आवश्यक सभी तैयारियां सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए गए। शांति समिति के सदस्यों द्वारा छठ पूजा के दिन 2 बजे से ही जल की सप्लाई कराने की मांग की गई जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिया।
उपायुक्त द्वारा अभी से ही छठ पूजा के मद्देनजर सभी छठ घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद् को आवश्यक निर्देश दिया गया साथ ही छठ के दौरान शंख नदी छठ घाट में लाईट व वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दीपावली एवं छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में आई.टी.डी.ए. निदेशक -सह- अपर समाहर्त्ता अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, अनुमण्डल पदाधिकारी महेन्द्र छोटन उरांव, परिवहन पदाधिकारी ओमप्रकाश यादव, जिला नजारत उप समाहर्ता राजेन्द्र प्रसाद सिंह, जिला नियोजन -सह- जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशा मैक्सिमा लकड़ा, डीएसपी पतरस बरवा, निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी रवि राम, जिला उत्पाद अधीक्षक जितेन्द्र कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्यगण एवं प्रेस मिडिया गण उपस्थित थें।