Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सोमवार दोपहर बाद हवा और गर्जन के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के 18 जिलों में 20 मई को मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। इसे लेकर सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रभावित जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कई जगहों पर अचानक तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य में अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिला। राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दौरान पाकुड़ जिले के पाकुड़िया में सबसे अधिक 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गुमला जिले के बिशनपुर और सिमडेगा के बानो में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। सोमवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर रहा। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए और हवा और गर्जन के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, कुछ देर बाद मौसम फिर साफ हो गया और तेज धूप निकल आई।
राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान की बात करें तो रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
