देश भर के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 7-8 दिनों के दौरान घनघोर वर्षा का अनुमान

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: देश भर के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 7-8 दिनों में घनघोर बारिश होने के आसार हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी अगले दो दिनों के बीच हल्की वर्षा होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33-35 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मंगलवार को दोपहर के समय बहुत हल्की बारिश होने के आसार हैं।

उल्लेखनीय है कि आज राजधानी में दोपहर से शाम के बीच अधिकतर जगहों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान था लेकिन यहां सुबह में ही कुछ जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हुई। इससे उमस भरी गर्मी से कुछ राहत तो मिली जबकि दोपहर बाद हल्की धूप के बीच फिर से गर्मी का एहसास हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण 24-26 अगस्त के दौरान ओडिशा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही 24-27 अगस्त के दौरान झारखंड और बिहार में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है। मध्य भारत, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले 7-8 दिनों के दौरान, पश्चिमी मध्य प्रदेश के दौरान तीन दिनों के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी भारत के अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 24-29 अगस्त के दौरान, बिहार में 25-26 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है।पूर्वोत्तर भारत के भी अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 7-8 दिनों के भारी से भारी वर्षा होने के आसार हैं। पश्चिम क्षेत्रों और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में भी इन दिनों भारी बारिश होने की संभावना है। इसी दौरान कहीं-कहीं तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा में 30 सेमी, त्रिपुरा में 21 सेमी, हरियाणा में 12-20 सेमी, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, असम, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों में 7-11 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गई।

Spread the love