दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की तीन वारदातों से दहला हजारीबाग, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

360° Ek Sandesh Live

By Bhaskar

हजारीबाग : शहर में सोमवार की सुबह चेन स्नेचिंग की तीन अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया। महज ढाई घंटे के भीतर हुई इन वारदातों से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अपराधियों ने शहर की व्यस्त सड़कों पर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। पहली घटना सुबह करीब सात बजे मटवारी हाउस के समीप हुई, जहां झामुमो नेता दिलीप वर्मा को बदमाशों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने पता पूछने के बहाने उनसे संपर्क किया और गले से चेन झपटने का प्रयास किया। हालांकि दिलीप वर्मा की सतर्कता के कारण चेन टूटकर जमीन पर गिर गई, जिससे अपराधी उसे लेकर भागने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे हजारीबाग-बड़कागांव रोड स्थित इमली कोठी के पास दूसरी घटना हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने स्टील कारोबारी पंकज कुमार के गले से झपट्टा मारकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। तीसरी वारदात सुबह 9:20 बजे एसपी कोठी के समीप हुई। पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने स्कूटी से जा रहे अशोक शाह को रोककर उनके गले से लगभग 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली। पीड़ित ने लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन वे भीड़भाड़ का फायदा उठाकर भाग निकले। लगातार हुई तीन घटनाओं के बाद शहर में भय और आक्रोश का माहौल है। तीनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Spread the love