डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर बैठक

360° Ek Sandesh Live States

विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित पदाधिकारी को दिए गए आवश्यक निर्देश

SUNIL KUMAR VERMA

रांची: रांची में पहली बार आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), उप निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, मेजर आनंद प्रकाश एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए टूर्नामेंट के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

उपायुक्त ने मैच के दौरान स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, डायवर्जन एवं सुचारु आवागमन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने मेडिकल टीम, अग्निशमन दल तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश के साथ दर्शकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर बल दिया। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए डूरंड कप 2026 के आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने के लिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

Spread the love