रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से रांची जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ 2 व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की ओर से बूथ लेवल आॅफिसर व बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, समय-सीमा, प्रपत्रों के संधारण, घर-घर सत्यापन तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजरों को बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 30 जून से 29 जुलाई के दौरान प्रत्येक मतदाता का सत्यापन गणना प्रपत्र के माध्यम से किया जाएगा। सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करेंगे तथा पूर्व मुद्रित सत्यापन गणना प्रपत्र का वितरण करेंगे। तत्पश्चात मतदाता के भरे हुए सत्यापन गणना प्रपत्र को इसी अवधि में वापस संग्रहण किया जाएगा। सभी को निर्देश दिया गया कि प्राप्त गणना प्रपत्रों का समुचित संधारण करें तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से भी अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें ताकि पुनरीक्षण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
