एसके ब्रदर्स बना शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट का चैंपियन

Ek Sandesh Live Sports

फाइनल में जय मसीह गिरजाटोली लोयो को ट्राइब्रेकर में 5-3 से हराया
विजेता टीम को 80 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी

Eksandeshlive Desk

रांची: शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का फाइनल शनिवार को जय मसीह गिरजाटोली लोयो और एसके ब्रदर्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले का निर्णय ट्राइब्रेकर से हुआ, जिसमें एसके ब्रदर्स ने 5-3 गोल से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट के विजेता एसके ब्रदर्स को बंझिला की मुखिया सोहंती एक्का ने 80 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उपविजेता जय मसीह गिरजाटोली लोयो की टीम को शहीद एतवा उरांव की पत्नी विमला देवी ने 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। एसके ब्रदर्स के अभिषेक खलखो को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज से सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व टूर्नामेंट के अंतिम चरण में सुपर किंग लोयो, जय मसीह गिरजाटोली लोयो और एसके ब्रदर्स की टीमें पहुंची थीं। पांच सितंबर को लॉटरी के माध्यम से एसके ब्रदर्स को सीधे फाइनल में प्रवेश मिला। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में जय मसीह गिरजाटोली लोयो और सुपर किंग लोयो आमने-सामने थीं। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद ट्राइब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने 6-5 गोल से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक पितरुस खलखो, मो. महबूद प्रदीप केवट, रंजीत खलखो और विनोद खलखो, सन्नी सहित कई लोगों की भूमिका रही।

Spread the love