Eksandeshlive Desk
धनबाद: शहर के भूली मोड़ में हुए गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फहीम खान के भाई सहित तीन लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो शूटरों को गोली लगी। घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वासेपुर गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और अपराधियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, भूली मोड़ में फहीम खान के भाई सहित तीन लोगों पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर मुख्य शूटर की भूमिका में था, जबकि प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था। आरोप है कि घटना के दौरान उसने ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की थी। मुठभेड़ के दौरान चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी, जबकि दूसरे घायल अपराधी को भी इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और घटना में इस्तेमाल हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
