बिना हेलमेट एक स्कूटी पर सवार दिखे तीन बच्चे, हादसे का बढ़ा खतरा
AMIT RANJAN
जलडेगा: प्रखंड मुख्यालय में सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। मुख्य सड़क पर स्कूल ड्रेस में तीन बच्चे एक ही स्कूटी पर बिना हेलमेट जाते नजर आए। एक ही दोपहिया वाहन पर तीन बच्चों की सवारी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर हादसे का कारण भी बन सकती है।
स्कूली बच्चों में ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों के साथ-साथ प्रशासन को भी गंभीरता दिखानी चाहिए।
वहीं, नाबालिग बच्चों के हाथों में दोपहिया वाहन देने को लेकर अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के साथ स्कूलों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।
