NEWS BY ASHOK ANANT
चतरा: जोरी थाना क्षेत्र के NH-22 स्थित घंघरी देवी मंडप के समीप शनिवार सुबह एक अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे बने घर में जा घुसा। हादसे के वक्त घर में सो रहे लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार घंघरी गांव निवासी श्रवण गोस्वामी के घर में तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर घुस गया। हादसे के समय घर के अंदर उनके पिता रघुवीर गोस्वामी सोए हुए थे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
हाइवा की टक्कर से घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं घर के बाहर संजीत साव द्वारा रखा गया ईंट का ढेर भी पूरी तरह बिखर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि NH-22 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
