अशोक अनन्त
पिपरवार(चतरा): जिले के बचरा एलओ कॉलोनी में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा,आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही सुहागिन महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा और 16 श्रृंगार कर वट वृक्ष के पास पहुंचीं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
क्षेत्र के विभिन्न वट वृक्ष स्थलों पर पूजा को लेकर काफी चहल-पहल देखी गई। महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधा और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी। पूजा स्थलों पर भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय बना रहा।
महिलाओं ने बताया कि वट सावित्री पूजा हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने तप, श्रद्धा और संकल्प से अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाए थे। उसी परंपरा को निभाते हुए सुहागिन महिलाएं यह व्रत रखती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह में पूजा कर एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की शुभकामनाएं दीं। पूजा को लेकर बाजारों में भी सुबह से भीड़ रही और श्रृंगार सामग्री, फल एवं पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी होती रही।
