हाथी के हमले से 69 वर्षीय वृद्ध की मौत

360° Ek Sandesh Live

AMIT RANJAN

बानो: प्रखंड अंतर्गत डुमरिया पंचायत के वृंगाटोली मारिकेल निवासी 69 वर्षीय डगर सिंह, पिता घुरण सिंह की हाथी के हमले में मौत हो गयी। घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढे 12 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डगर सिंह अपने घर से करीब 500 मीटर दूर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के निर्देश पर घटना की सूचना मिलते ही तत्काल विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे, डुमरिया पंचायत के मुखिया लुथर भुइंया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बानो सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे एवं मुखिया लुथर भुइंया ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने वन विभाग से मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग किया। इधर, घटना की सूचना बानो पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया है।

Spread the love