AMIT RANJAN
जलडेगा: जलडेगा-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर बड़ीबरिंगा गांव के समीप शुक्रवार को ऑटो और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों में सावनजारा आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका ग्लोरिया लुगुन, उनके पति उम्मीद कंडूलना, पुत्र साहिल कंडुलना और पुत्री सम्पन कंडुलना शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेविका ग्लोरिया लुगुन जलडेगा पहानटोली में आयोजित पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने पति, पुत्र और पुत्री के साथ स्कूटी से सावनजारा पहानटोली स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बड़ीबरिंगा गांव के समीप सामने से आ रहे ऑटो से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस की तत्परता से घायलों को समय पर पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही जलडेगा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को बिना समय गंवाए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलडेगा पहुंचाया। पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। सीएचसी में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए चारों को बेहतर इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस की तत्पर कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
