MUSTFA
मेसरा (रांची): आम जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान की दिशा में रांची पुलिस ने एक और सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को ओरमांझी थाना परिसर में रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान न सिर्फ ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया,बल्कि तीन मामलों का मौके पर ही ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खोया हुआ मोबाइल हैंडसेट बरामद कर उसके असली मालिक को सौंपना रहा। रांची ग्रामीण एसपी के निर्देश पर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइल को सफलतापूर्वक ट्रैक किया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार ने प्रभात खबर के ओरमांझी प्रतिनिधि रोहित लाल महतो को उनका बरामद मोबाइल ससम्मान वापस सौंपा। इस अवसर पर पुलिस और जनता के बीच के संबंध को मजबूत करने पर बल दिया गया। कार्यक्रम में एसआई रंजीत कुमार महतो, एसआई जयप्रकाश पासवान, एएसआई प्रभुवन कुमार समेत कई पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
