हिंदू नववर्ष, चैत्र प्रतिपदा विक्रम संवत सर २०८१ का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित

Entertainment States

Eksandeshlive Desk

रांची : अखिल भारतीय साहित्य परिषद राँची इकाई द्वारा लालपुर स्थित हॉटेल सिटी पैलेस के तत्वावधान में हिंदू नववर्ष विक्रम संवत सर २०८१ चैत्र प्रतिपदा एवं होली मिलन का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें फगुवा चैती लोक गीतों की मधुमय फुहार कवि कवित्रियों द्वारा बरसाई गयी।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद झारखंड के महामंत्री विजय कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि हम सभी सनातनी बंधुओ का प्रयास यही होना चाहिए कि हम अपनी हिन्दू संस्कृति के विरासत को नए रूप में परिभाषित करें एवं नयी पीढ़ी को अपनी महान उदार संस्कृति से परिचित कराएं। उन्होंने ने कहा- हिंदू नववर्ष के इस पावन अवसर पर हम सभी अपने अपने घरों में दीप जलाएं, रंगोली बनाएं एवं घर में बने पारंपरिक भोजन एवं मिष्टान्न से एक दूसरे को उपहार स्वरूप भेंट देकर यह उत्सव मनाएं। हमारे इस प्रयास से स्वत: ही सोयी हुई हिन्दू मानस चेतना ऊर्जस्वित हो जाएगी। हम सभी को बस ऐसे ही छोटे छोटे प्रयास करने हैं। जिससे हिन्दू गौरव का मान बढ़े।
इस अवसर पर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के डायरेक्टर पंकज वत्सल ने कहा-ग्लोबलाइजेशन के इस दौर में हमारे सामने हिन्दू अस्मिता को लेकर कठिन चुनौती है। हमें किसी भी स्थिति में अपनी भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को किसी भी प्रकार के भ्रम एवं दुष्प्रचार से बचाए रखना होगा। इसलिए आवश्यक है कि हम अपने घरों से आस्था का दीप जलाकर इसका शुभारंभ करें। जिससे भारतीय जन मानस को आयातित वैचारिक अंधकार से बाहर निकलने में सफलता मिले।
डीएवी गाँधी नगर के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिन्हा ने कहा-हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं आस्था के प्रति गम्भीर एवं ईमानदार बनना होगा। इसके लिए ऐसे आयोजनों की बहुत आवश्यकता है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएवी गांधी नगर के प्रधानाचार्य शसुनील कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में पंकज वत्सल, चंद्रिका ठाकुर देशदीप, रेणु झा रेणुका, कामेश्वर सिंह कामेश, अखिल भारतीय साहित्य परिषद झारखंड के उपाध्यक्ष प्रशांत कर्ण, वैद्यनाथ मिश्र, सदानंद सिंह यादव, पम्पा सेन एवं रजनी चंदा ने मंच की शोभा बढ़ायी।
इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित रचनाकारों ने काव्य पाठ किए – पंकज पुष्कर, जितेंद्र तिवारी,मधुमिता साहा, अर्पणा सिंह, ऋतुराज वर्षा, गिरिजाशंकर पेड़ीवाल, नीता शेखर, सुनीता श्रीवास्तव, डॉ नंदिनी कुमारी शिवजा, सुनीता अग्रवाल, नीता शेखर, खुशबू बरनवाल, रेणुबाला धार, पूनम वर्मा, सिम्मी वर्मा, कवींद्र वर्मा, विनोद, अजित प्रसाद आदि।
परिषद की राँची अध्यक्ष मनीषा सहाय सुमन के द्वारा स्वागत उद्बोधन किया गया। मंच संचालन सुनीता अग्रवाल एवं सरस्वती वंदना अर्पणा सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत मे धन्यवाद ज्ञापन प्रतिमा त्रिपाठी द्वारा किया गया।