हजारीबाग बच्ची हत्या मामला: हाई कोर्ट में एफएसएल और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट पेश, 11 मई को अगली सुनवाई

Crime

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या मामले में झारखंड उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लेकर चल रही जनहित याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत एफएसएल जांच रिपोर्ट और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट का अवलोकन किया। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से मृत बच्ची के कपड़े, घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्य, आरोपियों से संबंधित जानकारी तथा फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की सीलबंद रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश की गई। इसके अलावा बच्ची की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट भी न्यायालय को सौंपी गई।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत में हुई। अदालत ने सरकार द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का अध्ययन करने के बाद मामले की विस्तृत सुनवाई के लिए 11 मई की अगली तिथि निर्धारित की है। गौरतलब है कि हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जांच की प्रगति रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट मांगी थी। इस संबंध में विष्णुगढ़ थाना में कांड संख्या 42/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में मृत बच्ची की मां रेशमी देवी, भीम राम सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Spread the love