Eksandeshlive Desk
वॉशिंगटन : खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सभी देशों के व्यावसायिक और अन्य वैध जहाजों की आवाजाही के लिए खुला रहेगा। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिकी सेना इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैनात और तैयार है। कमांड ने दोहराया कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अमेरिका ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि ईरान का होर्मुज जलडमरूमध्य पर कोई नियंत्रण नहीं है और इस मार्ग से अंतरराष्ट्रीय जहाजों का आवागमन लगातार जारी है। साथ ही वॉशिंगटन ने ईरान पर जहाजों को धमकाने, उन्हें परेशान करने और मनमाने प्रतिबंधात्मक ऐलान करने का आरोप लगाया। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में होर्मुज के आसपास कई जहाजों पर हमलों और बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। ऐसे में अमेरिका ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाता रहेगा।
ड्रोन हमलों पर ओमान का ईरान को कड़ा संदेश, राजदूत को तलब करके दर्ज कराया विरोध
मस्कट : खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ओमान ने अपने क्षेत्र में हुए ड्रोन हमलों को लेकर ईरान के राजदूत मौसा फरेदून को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ओमान के विदेश मंत्रालय ने राजदूत को एक औपचारिक विरोध पत्र सौंपते हुए मुसंदम और अल-बातिनाह गवर्नरेट में हुए ड्रोन हमलों पर आपत्ति जताई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई गैर-जिम्मेदाराना है और इससे क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता प्रभावित होती है। ओमानी अधिकारियों ने ईरान से अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करने तथा अन्य देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन न करने की अपील की। इस बीच, ओमान के मैरिटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने बताया कि हमले का शिकार हुए मालवाहक जहाज ‘जीएफएस गैलेक्सी’ से 23 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बचाव अभियान के दौरान सभी नाविकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि एक लापता नाविक की तलाश अब भी जारी है। समुद्री सुरक्षा एजेंसियां लापता नाविक की खोज में जुटी हैं। ओमान ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।
