होर्मुज़ के नए समुद्री रास्ते पर क्षेत्रीय बैठक टली, बहरीन ने ईरान से बातचीत से बनाई दूरी

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

मस्कट/सलालाह: होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नए समुद्री रास्ते को लेकर ईरान और खाड़ी देशों के बीच प्रस्तावित क्षेत्रीय बैठक टल गई है। ओमान के सलालाह में होने वाली इस बैठक से पहले बहरीन ने ईरान के साथ सामूहिक मंत्री-स्तरीय वार्ता में शामिल होने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मस्कट ने बैठक स्थगित करने का फैसला किया। तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक, ओमान के विदेश मंत्रालय ने रविवार देर रात कहा कि बैठक को “रचनात्मक बातचीत के लिए सही माहौल” बनाने के उद्देश्य से बाद की तारीख तक स्थगित किया गया है। हालांकि, बैठक की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है। ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि क्षेत्रीय सहमति बनाने के लिए बैठक को स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि ओमान ऐसी बातचीत को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो क्षेत्र में स्थिरता और लंबे समय तक चलने वाले सहयोग को मजबूत करे। बैठक टाले जाने से पहले बहरीन ने ईरान के साथ प्रस्तावित सामूहिक मंत्री-स्तरीय वार्ता में शामिल होने से इनकार कर दिया था। बहरीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध बहाल होने तक मनामा ईरान के साथ ऐसी किसी सामूहिक बैठक में हिस्सा नहीं लेगा।

गाैरतलब है कि, प्रस्तावित बैठक में बहरीन, ईरान, इराक, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, कतर, सऊदी अरब और कुवैत के शामिल होने की उम्मीद थी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा, बल्कि एकमात्र एजेंडा, होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नए समुद्री रास्ते की व्यवस्था है। अरागची के मुताबिक, ईरान और ओमान ने नए समुद्री मार्ग को निर्धारित करने वाले एक समझौते को अंतिम रूप दे दिया है। दोनों देशों ने इस मार्ग के नक्शे और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी वाला संयुक्त बयान भी जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओमान के साथ हुआ समझौता होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के बराबर नहीं है। होर्मुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा और समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। क्षेत्र में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बीच इस जलमार्ग की सुरक्षा और आवाजाही को लेकर खाड़ी देशों की चिंता बढ़ी है। ईरान ने इससे पहले बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों से जुड़ी मानी जाने वाली कुछ जगहों को निशाना बनाया था। इनमें ईसा एयर बेस भी शामिल है। तेहरान ने इन हमलों को ईरानी ठिकानों पर अमेरिकी हमलों की प्रतिक्रिया बताया था। ऐसे में बहरीन का ईरान के साथ सामूहिक वार्ता से दूरी बनाना और उसके बाद ओमान द्वारा बैठक स्थगित किया जाना क्षेत्रीय कूटनीति के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। फिलहाल, ओमान ने बैठक की नई तारीख या इसे स्थगित करने के किसी विशिष्ट कारण की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Spread the love