हुड़दंगियों और सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर: अजय कुमार दास

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

​मेसरा (रांची): आगामी त्योहारों के मद्देनजर सामाजिक सौहार्द और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु मंगलवार को बीआईटी मेसरा ओपी परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी अजय कुमार दास की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ईद,सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण और भव्य ढंग से संपन्न कराने पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। ​बैठक में रामनवमी अखाड़ा समितियों और लाइसेंसधारियों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सभी लाइसेंसधारियों को सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन होने पर सीधे तौर पर संबंधित लाइसेंसधारी ही जिम्मेदार माने जाएंगे। प्रत्येक अखाड़े को अपने अनुशासित वॉलंटियर्स की सूची अनिवार्य रूप से थाने में जमा करनी होगी,जो भीड़ नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करेंगे। जुलूस के लिए निर्धारित रूट और समय सीमा का कड़ाई से पालन करना होगा। किसी भी नए मार्ग या नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीजे संचालकों को सरकारी मानकों और ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य है। ​थाना प्रभारी ने सचेत किया कि पुलिस का आईटी सेल पूरी तरह सक्रिय है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि किए बिना उसे फॉरवर्ड करना अपराध की श्रेणी में आएगा। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या सीधे थाना प्रभारी को दें। ​इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों,क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों,स्थानीय जनप्रतिनिधियों,समाजसेवियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। वक्ताओं ने कहा कि मेसरा की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाएंगे। मौके पर जिप सदस्य संजय कुमार महतो,प्रमुख एस मुंडा,मुखिया साधो उरांव,मुखिया राहूल मुंडा,विकास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर राधाचरण सिंह,हाजी हेयात अंसारी,सत्येन्द्र सिंह,समीम आलम,सागर कुमार महतो,देवलाल ठाकुर,श्रवण करमाली,जबूल अंसारी,बालमुकुंद सिंह,मुनेश्वर पाहन,पचू महतो,मोहन मुंडा,जितेन्द्र महतो,द्वारिका ठाकुर,शंकर करमाली,बिनोद कुमार के अलावा थाने के संबंधित पदाधिकारी सहित शांति समिति के सभी सदस्य शामिल थे।

Spread the love