झारखंड में इस दिन से होगी बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

States

झारखंड में गर्मी प्रचंड पर है. इस साल गर्मी ने पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सुबह से लेकर रात तक गर्म हवाएं चल रही हैं. लोग बारिश का बेसब्री से इंतेजार कर रहे हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने राज्यवासियों के लिए राहत की खबर दी है. रांची मौसम केंद्र के अनुसार आगामी 15 मई को राज्य में बारिश होने की संभावना है. लेकिन उससे पहले के चार दिन तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा.

मौसम विभाग रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी समेत पूरे प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान गर्मी में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इस दौरान आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इससे राहत नहीं मिलेगी। रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में 15 मई से मौसम में बदलाव और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।

झारखंड के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से पार कर चुका है, तापमान गिरने का नाम भी नहीं ले रहा है. बताते चलें  कि बुधवार को गोड्डा का तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि रांची का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 42.6, पाकुड़ का 42.5 और मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।