अशोक अनन्त
चतरा: समाहरणालय में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में ‘इटखोरी महोत्सव-2027’ और मंदिर परिसर के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान दिलाना और इटखोरी को एक प्रमुख धार्मिक व पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
बैठक में तय हुआ कि महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही जन-भागीदारी बढ़ाने के लिए भव्य सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए परिसर के सौंदर्यीकरण और आवास व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए ताकि आयोजन ऐतिहासिक बन सके। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम और अंचल अधिकारी सविता सिंह सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
