Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के आठ जिलों में 22 और 24 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 27 सितंबर को राज्य के कई इलाकों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर चाईबासा में दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में 35.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुछ देर हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। धूप निकलने के बाद उमस और गर्मी बढ़ गई। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 24 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.2 और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
