झारखंड में भी चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर, आसमान में छाये बादल

States

Eksandeshlive Desl
रांची : राज्य के कई जिलों में चक्रवात मिचौंग का असर दिखने लगा है। मंगलवार सुबह से ही कई जिलों में बूंदाबांदी हो रही हैं। रुक-रुक कर बारिश होने से जनजीवन पर भी असर दिख रहा है। मंगलवार सुबह दस बजे तक राज्य के दक्षिणी जिलों में बारिश रिकॉर्ड किया गया।
खूंटी के तोरपा प्रखंड में सबसे अधिक 9.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया। खूंटी जिला की बात करें तो यहां ओवरआॅल नौ मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया। सिमडेगा में 9.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया जबकि कोलेबिरा में 14.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गुमला, किरीबुरू, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, रांची में औसतन 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में सुबह और दोपहर बाद बारिश हुई जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा। दिनभर आसमान में बाद छाये रहे। शाम को ठंड का प्रकोप देखने को मिला।
रांची मौसम केंद्र के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि छह और सात दिसंबर को राज्य के करीब-करीब सभी हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। आठ दिसंबर तक बादल रहेंगे। इससे न्यूनतम तापमान चढ़ा रहेगा जबकि बादल की वजह से अधिकतम तापमान गिर सकता है। राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य इलाके में बारिश हल्के से मध्यम दर्जे की होगी।
चक्रवात मिचौंग तूफान के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। एनार्कुलम-हटिया धरती आबा एक्सप्रेस ट्रेन (22838) छह दिसंबर को रद्द रहेगी। कोयंबटूर-बरौनी साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन (03358) छह दिसंबर को रद्द रहेगी। अल्लापुझा-धनबाद एक्सप्रेस (13352) छह एवं सात दिसंबर को रद्द रहेगी।

Spread the love