Eksandeshlive Desk
रांची: राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में गुरुवार को मौसम पूरी तरह साफ हो गया। वहीं पिछले 72 घंटों के दौरान रांची, पूर्वी सिंहभूम, पलामू और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट होने की संभावना व्यक्त की है। इधर, विभाग ने नौ नवंबर से 11 नवंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा छह से नौ नवंबर तक रांची सहित विभिन्न जिलों में सुबह में कुहासा छाए रहने और बाद में मौसम साफ रहने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने के बावजूद नवंबर माह में अपेक्षाकृत कम ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने ठंड में कमी की वजह अलनीनो का प्रभाव बताया है। वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
