कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में कई अहम फैसले

360° Ek Sandesh Live

By Sunil

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी व अल्पसंख्यक विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विभाग के प्रदेश चेयरमैन मंजूर अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, संगठन की मजबूती, आगामी 27 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर दलितों व अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन की तैयारियों तथा विभिन्न समसामयिक राजनीतिक व सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश चेयरमैन मंजूर अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता का अधिकार है, इसकी रक्षा करना प्रत्येक जागरूक नागरिक व कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सभी पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि कोई भी वैध मतदाता अपने संवैधानिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व कार्यकतार्ओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय होकर लोगों को आवश्यक जानकारी दें तथा पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने व आवश्यक सुधार कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय तथा सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। इसी उद्देश्य से आगामी 27 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर दलितों एवं अल्पसंख्यकों के अधिकारों के समर्थन में आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन में झारखंड से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकतार्ओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों से अपने-अपने जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकतार्ओं को कार्यक्रम में शामिल कराने की अपील की। बैठक में संगठनात्मक विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि अल्पसंख्यक विभाग को प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाया जाएगा। इसके लिए नियमित संगठनात्मक बैठकें, जनसंपर्क अभियान तथा कार्यकतार्ओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सके।

Spread the love