Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम: जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के ठियाटांगर गांव में खेत में सिंचाई के लिए बिछाए गए खुले बिजली के तार की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला राजो तिर्की की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी मोकरो महतो को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। आरोपी सारंगा गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, खेत में पानी पटाने के लिए बिजली का तार लगाया गया था, जिसे काम पूरा होने के बाद लापरवाही से खुला छोड़ दिया गया था। इसी तार की चपेट में आने से महिला की जान चली गई। घटना रविवार शाम की है। मृतका के पति बिचा तिर्की ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी राजो तिर्की बैल और बकरी चराने के लिए खेत की ओर गई थी।
देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान राजो तिर्की खेत में गिरी हुई मिली। उसके पास बिजली का खुला तार पड़ा था। परिजनों ने देखा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद घटना की सूचना आनंदपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया। आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सारंगा गांव निवासी मोकरो महतो ने खेत में सिंचाई के लिए बिजली का तार लगाया था। सिंचाई का काम पूरा होने के बाद तार को लापरवाही से खुला छोड़ दिया गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में आनंदपुर थाना (कांड संख्या 19/2026) दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।
