करंट लगने से युवक की मौत

360° Crime Ek Sandesh Live

SUNIL

साहिबगंज: करंट लगने से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान शहर के नॉर्थ कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय राजकुमार कुमार हरि, पिता शनिचरा हरि, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी रेलवे में जल्द ही नौकरी लगने वाली थी।

जानकारी के अनुसार राजकुमार रविवार सुबह करीब 8 बजे घर से मीट लाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान जीरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पश्चिमी फाटक से कुछ दूरी पर करारी दारू अड्डा के समीप युवक के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना राहगीरों द्वारा परिजनों को दी गई।

सूचना मिलते ही परिजन युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मोहन मुर्मू ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉ. मुर्मू ने बताया कि युवक के शरीर पर कई स्थानों पर जलने के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत होने की आशंका प्रतीत होती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इधर, जीरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Spread the love