पेयजल संकट से जूझ रहे टोंगरी पहाड़ी के ग्रामीण

360° Ek Sandesh Live

एक चापाकल के सहारे पूरी बस्ती

अशोक अनन्त
चतरा:
जिले के प्रतापपुर प्रखंड अंतर्गत चन्द्रीगोविंदपुर पंचायत के टोंगरी पहाड़ी के समीप स्थित बस्ती के ग्रामीण इन दिनों गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। बस्ती में लगभग 20 से 30 घर हैं, जहां अधिकांश परिवार भारती समाज से हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे गांव के लिए केवल एक चापाकल ही उपलब्ध है और वह भी इन दिनों रुक-रुक कर पानी दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। सुबह से लेकर शाम तक लोगों को चापाकल के पास कतार लगानी पड़ती है। कई बार चापाकल से पर्याप्त पानी नहीं निकलने के कारण लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी जुटाने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीण संतरा देवी, जितेंद्र भारती और मीना देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत के मुखिया को जानकारी दी गई है। बावजूद इसके अब तक न तो नए चापाकल की व्यवस्था की गई है और न ही खराब हो रहे चापाकल की समुचित मरम्मत कराई गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। कई बार दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती है। गांव के लोगों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से अविलंब पहल करते हुए बस्ती में अतिरिक्त चापाकल लगाने अथवा अन्य स्थायी पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Spread the love