अशोक अनन्त
हंटरगंज(चतरा): डोभी चतरा मुख्य मार्ग NH22 पर गोसाईडीह एचपी पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित आई-20 कार ने आगे चल रहे टेंपो और टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के वक्त सभी लोग डोभी से अपने घर हंटरगंज लौट रहे थे।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंटरगंज पहुँचाया गया। घायलों में शिवनंदन यादव, हरकू यादव, सपना कुमारी, फूल कुमारी, संतराज कुमार, खदीजा खातून, शिफा परवीन, सूकनी देवी, सविता देवी और आयुष कुमार शामिल हैं। इनमें से हरकू यादव और खदीजा खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना के एएसआई रंजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार सवार युवक नशे में थे और गाड़ी बहुत तेज चला रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
