लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ, 21 को उलगुलान न्याय महारैली ऐतिहासिक होगा : राकेश किरण

360° Ek Sandesh Live Politics


sunil Verma

रांची: केंद्र सरकार के तानाशाही रवैये एवं संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या करने के खिलाफ इंडिया गठबंधन द्वारा आगामी 21 अप्रैल को प्रभात तारा मैदान रांची में आयोजित उलगुलान न्याय महारैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए कांग्रेस भवन में रांची जिला अध्यक्ष डॉ राकेश किरण की अध्यक्षता में तैयारी बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ राकेश किरण महतो ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। देश की जनता पिछले दस वर्षों के मोदी सरकार के कार्यकाल से त्रस्त हो चुकी है एवं बदलाव के लिए आतुर है। अपनी सत्ता जाने का अंदेशा होते ही भाजपा तमाम हथकंडे अपना कर भी जब अपने मंसूबे में सफल होती दिख नहीं रही है तो वो विपक्षी दलों के नेताओं को ही बेवजह परेशान कर रही है और उन्हें जेल में डाल दे रही है।यह दौर अघोषित आपातकाल का ही है। इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पार्टी के जांबाज कार्यकर्ता इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। डॉ महतो ने क्हा कि उलगुलान न्याय महारैली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को आमंत्रित किया गया है। अपने दल के शीर्ष नेताओं की राजधानी रांची में गरिमामयी उपस्थिति होने से कार्यकतार्ओं के साथ-साथ नेताओं में भी खासा उत्साह है। यह रैली ऐतिहासिक होगी।