मैगी में संक्रमण के आरोप गलत, जांच में सही पाए गए सभी उत्पादः नेस्ले इंडिया

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : नेस्ले इंडिया ने मैगी नूडल्स में कीड़ों की मौजूदगी को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। कंपनी ने कहा कि प्रयोगशाला परीक्षणों में सभी उत्पाद गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे पाए गए हैं। रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पाद (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने शनिवार को शेयर बाजारों को दिए गए स्पष्टीकरण में कहा कि सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक असत्यापित खाते द्वारा उठाई गई चिंता के बाद उसे यह शिकायत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के माध्यम से मिली।

नेस्ले इंडिया ने 12 जून को छपी एक खबर के बारे में एनएसई और बीएसई के सवालों के जवाब में यह सफाई दी है। कंपनी ने कहा, “हम मीडिया में चल रहे उन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हैं जो मैगी नूडल्स में कीड़े होने के बारे में एक बिना पुष्टि वाले दावे पर आधारित हैं।” कंपनी ने कहा कि स्वतंत्र लैब टेस्ट और बैच एवं मार्केट सैंपल की क्वालिटी जांच से पुष्टि हुई है कि ये प्रोडक्ट सभी फूड सेफ्टी और क्वालिटी स्टैंडर्ड्स को पूरा करते हैं। कंपनी ने बताया कि उसे जांच के लिए शिकायतकर्ता से अभी तक कोई सैंपल नहीं मिला है और उस व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिशें नाकाम रहीं क्योंकि सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंचा नहीं जा सका। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर मैगी नूडल्स में कीड़े-मकोड़े होने के शिकायत के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने नेस्ले इंडिया को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

Spread the love