AMIT KUMAR MAHTO
सरायकेला: JHAROTEF (झारखंड ऑफिसर, टीचर्स एंड एम्प्लॉयी फेडरेशन) की प्रांतीय कमेटी के निर्देशानुसार आज मंत्री सुदीप सोनू के आकस्मिक निधन पर उनकी स्मृति में CM SOE KVPSD बालिका उच्च विद्यालय, सरायकेला के प्रांगण में JHAROTEF, सरायकेला-खरसावां जिला द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में सरायकेला-खरसावां जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए। उपस्थित सदस्यों ने मंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी प्रतिकृति पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। JHAROTEF परिवार ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के अग्रदूत एवं संगठन के अभिभावक स्वरूप सुदीप सोनू का असामयिक निधन संपूर्ण कर्मचारी समाज एवं संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से संगठन ने एक संवेदनशील, संघर्षशील एवं मार्गदर्शक नेतृत्व को खो दिया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोल्हान समन्वयक स्वपन साहू ने कहा कि सुदीप सोनू संगठन और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सदैव कार्य करते रहे। उनका असमय चले जाना पूरे संगठन एवं कर्मचारी समाज के लिए व्यक्तिगत एवं अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई भविष्य में संभव नहीं है। प्रदेश प्रवक्ता बृजमोहन यादव ने उनके राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि सुदीप सोनू केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में खड़े रहने वाले सच्चे समाजसेवी थे। झारखंड को विकास की नई दिशा में आगे ले जाने की उनकी सोच और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता उन्हें एक महान व्यक्तित्व बनाती थी। उनका निधन एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक युग के अवसान के समान है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए JHAROTEF के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित कुमार महतो ने कहा कि सुदीप सोनू ने शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से लेकर कर्मचारी हितों तक निरंतर संघर्ष किया। विशेष रूप से पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन में उन्होंने सरकार और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु के साथ-साथ एक अभिभावक की भूमिका निभाई। वे कर्मचारियों के दुख-दर्द को समझने और उनके हितों के लिए सदैव तत्पर रहने वाले संवेदनशील नेतृत्वकर्ता थे। उन्होंने कहा कि आज झारखंड का कर्मचारी समाज अपने एक अभिभावक को खोने जैसा अनुभव कर रहा है। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई करना अत्यंत कठिन है। JHAROTEF की ओर से उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा कहा कि इस दुःख की घड़ी में संपूर्ण कर्मचारी समाज शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु एक मिनट का मौन धारण किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित पदाधिकारी एवं सदस्य
प्रांतीय महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष मंजूषा महतो, जिला संरक्षक वासुदेव राम, जिला सचिव जवाहरलाल महतो, जिला कोषाध्यक्ष हरे कृष्ण महतो, जिला उपाध्यक्ष बलराम टुडू एवं मनमोहन कुमार, जिला संयुक्त सचिव नवीन चंद्र महतो, जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा पार्वती हेस्सा, महिला प्रकोष्ठ सचिव आल्पना महतो, राज्य प्रतिनिधि देवेंद्र नाथ माझी, कामदेव महतो एवं उदित गोराई सहित जिला महिला प्रकोष्ठ से मीनाक्षी रजक, अपर्णा महतो, गीता कुमारी, उषा रानी महतो एवं जोली महापात्र उपस्थित रहीं। विभिन्न प्रखंडों से ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष सुमन हालदार, गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष लंबोदर महतो, चांडिल प्रखंड अध्यक्ष नवीन कुमार प्रमाणिक, राजनगर प्रखंड अध्यक्ष सुदीप मुखर्जी, सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय कर, खरसावां प्रखंड अध्यक्ष श्रवण कुमार महतो, कुचाई प्रखंड अध्यक्ष यदुनाथ सिंह एवं कुकरू प्रखंड अध्यक्ष गणेश पांडे सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से 200 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे।
