By Mustaffa
मेसरा/ओरमांझी: राजधानी रांची के ओरमांझी स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान माउंट कार्मेल स्कूल में बुधवार को माउंट कार्मेल डे हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे ऑडिटोरियम में सुबह 9:00 बजे समारोह का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि रेवरेंट फादर मैथ्यू एरागथ (डेलीगेट प्रोविंशियल,रांची कार्मलाइट डेलिगेशन),रेवरेंट फादर दीपक,रेवरेंट फादर पीटर,रेवरेंट फादर उदय तथा विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर टेसीन ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेवरेंट फादर मैथ्यू एरागथ ने कहा,शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है,बल्कि यह बच्चों के समग्र विकास का माध्यम है। विद्यार्थियों को हमेशा बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। वहीं,प्राचार्या सिस्टर टेसीन ने कहा,माउंट कार्मेल डे हमारे लिए आस्था,प्रेम और सेवा के संकल्प को दोहराने का दिन है। हमारा उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ समाज के लिए एक संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि रेवरेंट फादर दीपक,रेवरेंट फादर पीटर और रेवरेंट फादर उदय ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा,नैतिक मूल्य और अनुशासन ही जीवन में सफलता की असली कुंजी हैं। हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि हमारे बच्चे समाज में शांति,सद्भाव और समृद्धि का संदेश फैलाएं और देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। द्वीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के संबोधन के बाद छात्र-छात्राओं ने मदर मैरी की भावपूर्ण वंदना की,जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शास्त्रीय एवं आधुनिक फ्यूजन नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आस्था और प्रेम के संदेश पर आधारित लघु नाटक और शिक्षकों व छात्रों के संयुक्त नृत्य ने भी सभी का मन मोह लिया। इस भव्य समारोह में सत्येंद्र कुमार,निश्चल परिहार,मो. फिरोज,सुनील कुमार,कविता कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं,अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
