मौसेरी बहन से प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, मौसा गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में मौसेरी बहन से प्रेम प्रसंग के कारण पवन सिंह नामक युवक की हत्या की गई थी। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दुलसुलमा निवासी मौसा 50 वर्षीय रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पवन सिंह के पिता विजय सिंह ने सोनी देवी, उसके पति फंटूश सिंह और देवर पंकज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। डीएसपी राजेश यादव ने रविवार दोपहर 12:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में पत्रकारों के समक्ष मामले का खुलासा किया।

डीएसपी ने बताया कि पवन सिंह का उसकी मौसेरी बहन सोनी देवी नामक महिला से प्रेम प्रसंग था। पवन उससे शादी करना चाहता था। सोनी देवी शादीशुदा थी। वह इनकार कर रही थी। 15 मई की रात पवन सिंह सोनी देवी से मिलने और शादी के लिए मनाने के लिए उसके मायके गया था। बेटी को प्रेमी से मिलते देखकर पिता रवि सिंह ने आपा खो दिया और गुस्से में आकर पवन सिंह के सिर पर पीछे से डंडे से वार किया। मौत होने पर उसकी डेड बॉडी को कंधे पर टांग कर पास के हड़ही पहाड़ पर ले जाकर मृतक के ही गमछा से एक पेड़ पर फंदे पर लटका दिया था ताकि हत्या खुदकुशी साबित हो जाए। अनुसंधान के क्रम में मामले को स्पष्ट किया गया और रवि सिंह को गिरफ्तार किया गया। हत्या में इस्तेमाल लाठी बरामद की गई। रवि सिंह ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। डीएसपी राजेश ने बताया कि पवन सिंह और सोनी के बीच डेढ़-दो महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोनी देवी एक बच्चे की मां है।

Spread the love