झारखंड में सबसे ठंडा जिला लातेहार और सबसे गर्म पलामू

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले 15 दिनों से राज्य के विभिन्न जिलों में हो रही बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। रविवार को राज्य का सबसे ठंडा जिला लातेहार रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण राज्य भर में लोगों को कभी गर्मी तो कभी ठंड का एहसास हो रहा है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बीते दिनों हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक वर्षा मंझारी में दर्ज की गई, जहां 18 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा गुमला, बानो और बिशुनपुर समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान रांची के कांके क्षेत्र में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। दोपहर बाद लोगों को प्रचंड गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। रांची में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें, तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41.5 और न्यूनतम 26.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 26.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Spread the love