संवाददाता मुस्ताफा
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी और अनगड़ा थाना क्षेत्र की सीमा पर रिंग रोड स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल (बुधिया बगान के समीप) के नीचे शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया गया। नदी में पानी सप्लाई पाइप के नीचे फंसा यह शव दोनों थानों के सीमांकन बिंदु पर मिला है। मछली पकड़ने गए स्थानीय युवकों ने जब आधे नदी के पार पाइप के पास फंसा शव देखा,तो तुरंत इसकी सूचना मेसरा ओपी पुलिस को दी। मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास,पुअनि बसंत कुमार राम व पुअनि अभय कुमार ने सदल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया और मामला अनगड़ा थाना क्षेत्र की सीमा में होने के कारण अनगड़ा पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी अजय कुमार दास के अनुसार,शव देखने से लगभग तीन-चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और उससे तीव्र दुर्गंध आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि तीन दिन पूर्व हुई भारी बारिश और नदियों में आए उफान के कारण यह शव बहकर यहां आ फंसा। मृतक व्यक्ति अंदर सफेद गंजी,ऊपर काला टी-शर्ट और काले रंग की जींस पहने हुए है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुलिए का मिलान कर मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक शव को नदी से बाहर निकालने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी कार्रवाई की जा रही थी।
