मेसरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई : बीआईटी मोड़ से हटा ‘मौत का बोर्ड’,थाना प्रभारी का जताया आभार

360° Ek Sandesh Live

News By Mustaffa

​मेसरा (राँची): बीआईटी मोड़ पर राहगीरों और ऑटो चालकों के लिए खतरा बने विशालकाय विज्ञापन बोर्ड को मेसरा ओपी पुलिस ने रविवार देर रात हटवा दिया। अखबार में छपी खबर और स्थानीय ग्रामीणों व ऑटो चालक संघ के आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने यह सख्त कदम उठाया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। ​खबर का असर,प्रशासन ने दिखाया दम : ​बीते दिनों ‘प्रणा कंस्ट्रक्शन’ द्वारा बिना किसी सुरक्षा मानक के दोबारा खड़े किए गए इस जर्जर बोर्ड को लेकर जनता में भारी आक्रोश था। रामनवमी के दिन गिर चुके इसी ढांचे को दोबारा अवैध तरीके से खड़ा कर दिया गया था,जिससे हर पल किसी बड़े हादसे का डर बना रहता था। हिन्दी दैनिक ‘एक संदेश’ अखबार द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
​देर रात चला अभियान : ​थाना प्रभारी अजय कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुँचकर बोर्ड को हटवाया। ग्रामीणों का आरोप था कि यह बोर्ड हवा के हल्के झोंकों से भी डगमगा रहा था और नीचे खड़ी रहने वाली दर्जनों ऑटो व हजारों राहगीरों की जान जोखिम में थी। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए इसे हटाने का निर्देश दिया।
​जनता ने जताया आभार : ​पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए ग्रामीणों और ऑटो चालक संघ के सदस्यों ने थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती,तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस की इस सक्रियता ने एक बार फिर जनता का कानून के प्रति विश्वास मजबूत किया है।

Spread the love