News By Mustaffa
मेसरा (रांची): मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल परिसर में गुरुवार को नशा मुक्ति अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। अभियान में कक्षा 10वीं,11वीं,12वीं और एनसीसी कैडेट्स सहित करीब 500 छात्र-छात्राओं,शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सुपरिटेंडेंट सैयद शारिक उमर एवं एडवोकेट अतुल गेरा ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और नशा उनके विकास व सफलता में सबसे बड़ी बाधा है। छात्र नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जिएं। स्कूल के चेयरमैन मनरखन महतो ने कहा,हमारा उद्देश्य सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं,बल्कि देश के लिए स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। छात्र अनुशासन अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी तय करें। जागरूकता के लिए निकाली रैली,किया नुक्कड़ नाटक अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा समाज को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक,साइकिल रैली,पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग जैसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। स्कूल के डायरेक्टर मनोज कुमार महतो ने कहा,नशा मुक्त समाज की शुरुआत युवाओं के मजबूत संकल्प से होती है,हमारे छात्र इस बदलाव के अग्रदूत बनेंगे। वहीं प्राचार्या रेखा नायडू ने कहा,शिक्षा का वास्तविक अर्थ चरित्र निर्माण है,और नशा मुक्ति इस दिशा में हमारा सबसे बड़ा कदम है। इस मौके पर स्कूल की अध्यक्षा उर्मिला देवी,ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार एवं एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी व पुनम कुमारी सहित पूरे स्कूल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
