चिरौंदी स्थित ‘स्माइल आश्रय गृह’ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​राँची: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर चिरौंदी स्थित स्माइल आश्रय गृह में योग शिविर सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि व योग गुरु अर्चना ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग मात्र एक शारीरिक क्रिया नहीं,बल्कि एक प्रार्थना है। इसका मुख्य महत्व शारीरिक,मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन को बनाए रखने में है,जो लोगों को एक स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। ​संस्था की सचिव पुनिता राय ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नियमित योग हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावशाली और शक्तिशाली बनाता है। वहीं,परामर्शदाता सुषमा सिंहा ने कहा कि योग शरीर,मन और आत्मा के बीच एक मधुर सामंजस्य स्थापित करने की एक प्राचीन विधा है,जिसे आज की पीढ़ी को अनिवार्य रूप से अपनाना चाहिए। आश्रम के केयरटेकर ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में,जहाँ तनाव और अस्वस्थ जीवनशैली आम हो गई है,वहाँ योग एक संजीवनी बूटी की तरह काम करता है। प्रबंधक शारदा प्रसाद ने कहा,प्राणायाम और ध्यान हमें मानसिक शांति और एकाग्रता प्रदान करते हैं। यह न केवल हमें रोगों से मुक्त रखता है,बल्कि हमारे भीतर सकारात्मक ऊर्जा और धैर्य का संचार भी करता है। नियमित योगासन से शरीर का लचीलापन और श्वास प्रणाली मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान रेखा मुण्डा ने उपस्थित जनों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करेंगे ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य रूप से योगाचार्य अर्चना,उषा कुमारी,रेखा कुमारी,फुलमणि कुमारी,वैष्णवी,किशोर कुमार दास,देवनारायण लोहारा,विजय उरांव सहित संस्था के कई अन्य कर्मी व गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Spread the love