मेसरा: बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो बीएड कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के लिए अंतर-सदनिय प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन हुआ,जिसमें सामान्य ज्ञान,गांधी जी के जीवन दर्शन और राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। कड़े मुकाबले के बाद विवेकानंद हाउस ने प्रथम,टैगोर हाउस एवं राधाकृष्णन हाउस ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा गांधी हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनरखन महतो ने भावी शिक्षकों से गांधी जी के विचारों को अपने जीवन में उतारने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कॉलेज के निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। वहीं,प्राचार्य डॉ दूधेश्वर महतो ने कहा कि वर्तमान युग प्रतियोगिता का युग है और इससे विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास होता है।
कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मौके पर ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी,संकाय सदस्य एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
