नीति आयोग के उपाध्यक्ष बने अशोक लाहिड़ी, प्रधानमंत्री से की मुलाकात

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनाव के बीच शुक्रवार को पूर्व आर्थिक सलाहकार अशोक लाहिड़ी को नीति आयोग का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह वर्तमान उपाध्यक्ष सुमन बेरी का स्थान लेंगे। सरकारी अधिसूचना के अनुसार आयोग की नई पूर्णकालिक टीम की भी घोषणा की गई है। नई टीम में राजीव गौबा, प्रो. केवी राजू, प्रो. गोबर्धन दास, प्रो. अभय करंदीकर और डॉ. एम. श्रीनिवास को पूर्णकालिक सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। लाहिड़ी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। अशोक लाहिड़ी पश्चिम बंगाल के बालुरघाट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं, लेकिन वह 2026 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। गोबर्धन दास इससे पहले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में प्राध्यापक रह चुके हैं। उन्होंने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पूर्वस्थली उत्तर सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इन दोनों नियुक्तियों का समय राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जारी हैं और दूसरे चरण का मतदान बुधवार को होना है।

सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण नियुक्ति : गोबर्धन दास दलित समुदाय से आते हैं। वर्ष 2021 के चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा के दौरान उन पर तृणमूल कांग्रेस समर्थकों द्वारा हमले के आरोप लगे थे। इस कारण उनकी नियुक्ति को सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, ये नियुक्तियां नीति आयोग में लंबे समय से अपेक्षित पुनर्गठन का हिस्सा हैं। सुमन बेरी पिछले चार वर्षों से आयोग का नेतृत्व कर रहे थे। इस दौरान कई मौकों पर केंद्र सरकार द्वारा सीधे आयोग के सदस्यों या मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ काम किए जाने की चर्चा भी रही। अशोक लाहिड़ी अनुभवी अर्थशास्त्री माने जाते हैं। उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में अध्यापन किया है और विश्व बैंक तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसी संस्थाओं में भी कार्य किया है। बाद में वह वित्त मंत्रालय से जुड़े और राष्ट्रीय लोक वित्त एवं नीति संस्थान का नेतृत्व किया। वह मुख्य आर्थिक सलाहकार रहने के साथ-साथ 15वें वित्त आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं। लाहिड़ी को चुनावी आंकड़ों के विश्लेषण के क्षेत्र में भी अग्रणी माना जाता है। उन्होंने ‘इंडिया डिसाइड्स’ नामक पुस्तक का सह-लेखन किया था, जिसमें 1952 से 1989 तक के चुनावी रुझानों का अध्ययन किया गया है।

देश की सेवा का अवसर मिलना गर्व की बात : नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लाहिड़ी से मुलाकात की तस्वीर साझा कर बधाई देते हुए कहा कि अर्थशास्त्र और सार्वजनिक नीति में उनका व्यापक अनुभव भारत के सुधारों की दिशा और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि लाहिड़ी के प्रयास देश में नीति-निर्माण को और अधिक गतिशील बनाएंगे। प्रधानमंत्री ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नीति आयोग भारत की नीति-निर्माण संरचना का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है, जो सहकारी संघवाद, सुधारों और ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस बीच प्रो. गोबर्धन दास ने सोशल मीडिया पर अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से आने के बावजूद उन्हें देश की सेवा का अवसर मिला है, जो उनके लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि पब्लिक हेल्थ, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में उनका कार्य देश के लिए प्रेरणादायक है।

Spread the love