निर्माण स्थल पर ही बीडीओ-सीओ को सौंपा ज्ञापन
MUSTFA
मेसरा (रांची): नेवरी स्थित रिंग रोड गोलंबर पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा निर्माण को लेकर जारी विवाद के बीच रविवार को स्थिति शांत रही। बीती रात नेवरी गांव में हुई बैठक के बाद, ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सीधे निर्माण स्थल पर पहुंचकर बीडीओ व सीओ को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में वर्ष 2017 व 2024 की ग्राम सभा के पारित प्रस्ताव के अनुसार चौक का नाम नेवरी चौक रखने और भारत का राष्ट्रीय प्रतीक (अशोक स्तंभ) ही स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री व रांची उपायुक्त से की गई। ज्ञापन प्राप्त करते हुए बीडीओ विजय कुमार ने कहा, ग्रामीणों की मांगों व भावनाओं से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। शासन-प्रशासन नियमसंगत और शांतिपूर्ण समाधान के लिए पूरी तरह प्रयासरत है। वहीं, सीओ अमित भगत ने आश्वस्त करते हुए कहा, ग्राम सभा के प्रस्ताव और ज्ञापन को उचित माध्यम से सरकार तक भेजा जा रहा है। विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी पक्षों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीआईटी मेसरा ओपी प्रभारी की अगुवाई में भारी पुलिस बल तैनात रहा। वार्ता के बीच ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण शांतिपूर्ण लौट गए। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और प्रशासन की मौजूदगी में प्रतिमा निर्माण का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
मौके पर ग्राम प्रधान जुगनू मुंडा, मुखिया साधो उरांव, उप मुखिया मझर अंसारी, पूर्व उप मुखिया नसीम अंसारी, पंसस संदीप पाहन, वार्ड सदस्य मुकेश कुमार, नेशनल मोमिन कॉन्फ्रेंस के जिलाध्यक्ष जाकिर अंसारी, कामेश्वर महतो, देवलाल ठाकुर, पेशावर अंसारी, प्रवीण ठाकुर, विशाल सिंह, सालीग्राम महतो, इमरान अंसारी, दानिश अंसारी, फिरोज अंसारी, सद्दाम अंसारी, इफ्तेखार अंसारी, इब्राहिम अंसारी, हकिम अंसारी, अनिल महतो एवं अतहर इमाम आदि मौजूद थे।
