नेवरी में चोरों के हौसले बुलंद
MUSTFA
मेसरा (रांची): राजधानी के ग्रामीण इलाकों में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के नेवरी का है,जहाँ शातिर चोरों ने एक घर के आंगन में सेंधमारी कर खड़ी स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। महज़ डेढ़ घंटे के भीतर अंजाम दी गई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी है। पीड़ित मोहम्मद फिरोज अंसारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उन्होंने अपनी नारंगी रंग की होंडा ग्राजिया (जेएच 01 सीजेड 6561) घर के पिछले आंगन में पार्क की थी। रात 10 बजे जब वे गाड़ी को घर के अंदर करने निकले,तो उनके होश उड़ गए। आंगन से स्कूटी गायब थी। काफी खोजबीन और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला,तो रविवार को उन्होंने मेसरा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, पुलिस घटना स्थल के आसपास और भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। इधर,स्थानीय निवासियों का कहना है कि घर के परिसर के भीतर से गाड़ी चोरी होना पुलिस के कमजोर सूचना तंत्र और गश्त की कमी को दर्शाता है। हालांकि, थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ा दी गई है और जल्द ही चोर सलाखों के पीछे होंगे।
