चतरा पुलिस को प्रतापपुर थाना क्षेत्र में मिली दोहरी सफलता

Crime Ek Sandesh Live

अवैध डोडा व लकड़ी तस्करी में हुई बड़ी कार्रवाई, 282 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद

अजय राज
प्रतापपुर(चतरा):
प्रतापपुर थाना क्षेत्र में चतरा पुलिस ने अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक ओर जहां भारी मात्रा में अवैध डोडा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर अवैध लकड़ी तस्करी में संलिप्त ट्रैक्टर और लकड़ी को भी जब्त किया है।
पहले मामले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मालवाहक ऑटो में धान की बोरियों के बीच अवैध डोडा छुपाकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतापपुर कुंदा मार्ग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलवादोहर के पास ऑटो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 10 बोरी में छुपाकर रखे गए कुल 282 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किए गए। इस दौरान मौके से एक तस्कर अजय कुमार साव ,पिता मनोज कुमार साव जो कि गोमे गांव का रहने वाला है को गिरफ्तार किया गया है तथा उसके विरुद्ध कांड संख्या 43/26 दर्ज करते हुए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
वहीं दूसरी कार्रवाई में मनातू के तरफ से प्रतापपुर क्षेत्र के रहरिया होते बिहार की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर को रोका गया। जांच के दौरान ट्रैक्टर की ट्रॉली में अवैध रूप से लकड़ी के 24 पीस बोटा लदे पाए गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर समेत पूरी लकड़ी को जब्त कर लिया। इस मामले में भी ट्रैक्टर मालिक रामविशुन यादव , पिता सुरेश यादव, ग्राम रहरिया के विरुद्ध प्रतापपुर थाना कांड संख्या 42/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चतरा, संदीप सुमन प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

Spread the love