नगर निगम की अनदेखी बनी खतरा, डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक पर पेड़ में फंसा टीन दे रहा हादसे का संकेत

360° Ek Sandesh Live

By Bhaskar

तीन साल से लटकी क्रोकेट शीट पर नहीं हुई कार्रवाई, भीड़भाड़ वाले इलाके में मंडरा रहा बड़ा जोखिम

हजारीबाग : नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां शहर के व्यस्ततम क्षेत्र डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक पर एक गंभीर खतरा लंबे समय से बना हुआ है। नगर निगम की नई बिल्डिंग के ठीक सामने, जिला परिषद कार्यालय गेट के समीप एक विशाल पेड़ पर कोर्कड (टीन) शीट पिछले तीन वर्षों से खतरनाक स्थिति में फंसी हुई है। बताया जाता है कि 21 मई 2023 को आए आंधी-तूफान के दौरान यह टीन उड़कर पेड़ की एक पतली डाली में अटक गया था। तब से लेकर अब तक स्थानीय लोगों द्वारा कई बार नगर निगम प्रशासन को इसकी सूचना दी गई, लेकिन अब तक इसे हटाने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है। वर्तमान स्थिति यह है कि यह टीन मात्र एक कमजोर डाली के सहारे टिका हुआ है और किसी भी वक्त गिर सकता है। जिस स्थान पर यह खतरा बना हुआ है, वह अत्यंत व्यस्त और भीड़भाड़ वाला इलाका है, जहां दिनभर राहगीरों, दुकानदारों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में अगर यह टीन अचानक गिरता है, तो किसी भी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की इस उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यह स्थिति प्रशासन की असंवेदनशीलता को दर्शाती है। लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस खतरे को नहीं हटाया गया, तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।नागरिकों ने नगर निगम के नए मेयर अरविंद राणा से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि संभावित हादसे को रोका जा सके और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Spread the love