नक्सलवाद और अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें अधिकारी : डीजीपी

Crime

Eksandeshlive Desk

लातेहार : झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को लातेहार पहुंची। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक के सभागार में जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण, मानव तस्करी पर रोक, अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में डीजीपी ने उपस्थित सभी अधिकारियों से नक्सलवाद और अपराध के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई करने को कहा। वहीं अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक के बाद प्रेस वार्ता करते हुए डीजीपी ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण और पुलिस के अन्य कार्यों की समीक्षा करना था। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में पुलिस का कार्य संतोषजनक है और यहां नक्सलवाद एवं अपराध के खिलाफ पुलिस निरंतर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में अब गिने चुने कुछ नक्सली ही बचे हुए हैं। उन्होंने नक्सलियों से भी अपील किया कि नक्सलवाद का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर दें और सम्मान की जिंदगी अपने पूरे परिवार के साथ जिएं। इससे पूर्व लातेहार आगमन पर पलामू डीआईजी कौशल किशोर, लातेहार डीसी संदीप कुमार और लातेहार एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने डीजीपी का स्वागत किया। बाद में डीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

Spread the love