नर्से स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है: सिविल सर्जन

360° Ek Sandesh Live

By Sunil Verma
रांची: हमारी नर्से, हमारा भविष्य थीम को लेकर सदर अस्पताल रांची में एक विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मंगलवार को मनाया गया। इस वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस का थीम से नर्सों की देखभाल से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इस अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को उनके समर्पण, सेवा भावना एवं मरीजों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मरीजों की सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नर्सों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। मरीजों की देखभाल, उपचार एवं आपातकालीन सेवाओं में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। नर्सें दिन-रात अपनी सेवाएं देकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं तथा समाज के प्रति उनकी सेवा भावना प्रेरणादायक है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम नर्सों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर विशेष जोर देती है। यदि नर्सिंग कर्मियों को बेहतर वातावरण एवं सम्मान मिलेगा तो स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।कार्यक्रम के दौरान सभी नर्सिंग कर्मियों को उनके अथक परिश्रम, अनुशासन एवं सेवा भावना के लिए धन्यवाद दिया गया तथा अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर डॉ. तवा रिजीवि, डॉ. आर. के. जायसवाल, चिकित्सकगण, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह, जिला लेखा प्रबंधक तारापद कोइरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love