महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बाजार क्षेत्र, पंचायत भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पोस्टर लगाकर लोगों को स्वच्छ वातावरण, नशामुक्त समाज और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जारी अपील में दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। स्वच्छ बाजार और स्वच्छ परिवेश से क्षेत्र के विकास के साथ-साथ लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।अभियान के तहत अवैध महुआ शराब, नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री एवं सेवन के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं महुआडांड़ पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन तथा ओवरलोडिंग जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों से बचने की अपील की है। लोगों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि, “स्वच्छता, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा समाज के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखे, नशे से दूर रहे तथा यातायात नियमों का पालन करे। अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी मुखिया, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों से आग्रह है कि वे जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर महुआडांड़ को स्वच्छ, सुरक्षित और आदर्श क्षेत्र बनाने में सहयोग करें।”थाना प्रभारी ने बताया कि अभियान के तहत पंचायतों में पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा आगे भी विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।आईए महुआडांड़ थाना क्षेत्र के आम-जनता पुलिस एवं प्रशासन के साथ मिलकर जागरूकता अभियान में सहयोग कर अपने क्षेत्र को जागरूक एवं सजग बनावें !
