ओरमांझी के रोला में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नर्क बनी सड़क को लेकर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​मेसरा (रांची): प्रशासन की अनदेखी और जन प्रतिनिधियों की वादाखिलाफी के खिलाफ अब ग्रामीणों ने आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को ओरमांझी प्रखंड के रोला गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया,जब सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क की बदहाली को लेकर सड़कों पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया। ​ग्रामीणों का आक्रोश जायज है। पांचा से रोला को जोड़ने वाला यह 2 किलोमीटर का मुख्य मार्ग पिछले 5 वर्षों से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दहाड़ते हुए कहा कि यह सड़क नहीं,बल्कि हादसों को दावत देता एक डेथ ट्रैप है। पूरी सड़क पर नुकीले पत्थर और गहरे गड्ढे उभरे हुए हैं। पैदल चलना दूभर है और दोपहिया वाहन सवार आए दिन गिरकर लहूलुहान हो रहे हैं। सड़क की हालत इतनी जर्जर है कि एम्बुलेंस और स्कूल बसें गांव में घुसने से कतराती हैं। आक्रोशित ग्रामीण का कहना था कि,क्या हम आदिम युग में जी रहे हैं ? बीमारों को खटिया पर ढोना पड़ता है क्योंकि एम्बुलेंस गांव नहीं आती। प्रशासन हमारी धैर्य की परीक्षा न ले। नाराज ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अब और आश्वासन की घुट्टी नहीं पिएंगे। यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई,तो ग्रामीण बाध्य होकर प्रखंड मुख्यालय का घेराव करेंगे और चक्का जाम कर चूलें हिला देंगे। ​हुंकार भरने वालों में मुख्य रूप से राजकिशोर महतो,किशन महली,शिवचरण महली,संजय प्रजापति,धनेश्वर मुंडा,दिनेश्वर महतो,लालसाय महतो,सोहन महली,नितेश कुमार महतो,हुल्लास महतो,कालीचरण महली,सुनील प्रजापति,देवराज महली,झलकु महतो,जगदीश महतो,सोहनलाल महतो शामिल थे।वहीं,नारी शक्ति ने भी मोर्चा संभालते हुए वार्ड सदस्य सरिता देवी,सुनीता देवी,आंगनबाड़ी सेविका सुनीता देवी,सोनी कुमारी,झूलो देवी और नारायण मुंडा सहित भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ​

Spread the love