By Mustaffa
मेसरा (रांची): रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होने से बाल-बाल बच गया। मृतक की पहचान ओरमांझी के कुल्ही ग्राम (पोस्ट-कुचू) निवासी तिमलेश मुंडा (पिता-गुदी मुंडा) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल उसके दोस्त रोशन कुमार महतो को मामूली चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार,सोमवार को तिमलेश मुंडा अपने दोस्त रोशन कुमार महतो के साथ बाइक से रामगढ़ गया था। देर रात करीब 9:30 बजे दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओरमांझी थाना क्षेत्र के कैलाश ढाबा और नीलकमल होटल के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। तिमलेश गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया,जबकि रोशन दूर फिंकाने के कारण मामूली रूप से चोटिल हुआ। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और राहगीरों की मदद से तिमलेश को तत्काल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स),रांची भेजा गया। हालांकि,अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। रिम्स के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव कुल्ही में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया क़ि,सोमवार रात करीब 9:30 बजे कैलाश ढाबा के पास दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायल को रिम्स अस्पताल पहुंचाया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान के लिए नीलकमल होटल और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।
